हनुमानगढ़ , मार्च 31 -- राजस्थान में नागरिक सुरक्षा हनुमानगढ़ में वर्ष 2025-26 के लिए स्वयंसेवकों के बुनियादी एवं सेवा प्रशिक्षण के लिये मनोनयन/चयन के लिये योग्य आवेदनकर्ताओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण सात से नौ अप्रैल तक सुबह छह बजे से राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित की जायेगी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) उम्मेदी लाल मीणा ने मंगलवार को बताया कि विभिन्न उपखंडों में आवेदन करने वालों अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।तय कार्यक्रम के अनुसार हनुमानगढ़ उपखंड कार्यालय में अभ्यर्थियों का परीक्षण सात अप्रैल को, नागरिक सुरक्षा कार्यालय हनुमानगढ़ एवं उपखंड कार्यालय संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में आठ अप्रैल को और उपखंड कार्यालय पीलीबंगा, नोहर और भादरा में अभ्यर्थियों का नौ अप्रैल को परीक्षण होगा। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 800 मीटर दौड़ की समय सीमा चार मिनट और महिला अभ्यर्थियों के लिए पांच मिनट तय की गई है।
श्री मीणा ने बताया कि केवल शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को ही आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा। तैराक एवं गोताखोर अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण उपरांत अलग से ट्रायल लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित