हनुमानगढ़ , दिसम्बर 15 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने करीब 11 वर्ष पहले जब्त किए गए अमानक घी की सोमवार को नीलामी की।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह घी वर्ष 2014 में हनुमानगढ़ जंक्शन बाजार से बरामद किया गया था। इसे न्यायालय के आदेश से नीलाम किया गया। नीलामी की प्रक्रिया जयपुर से आए एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञानप्रकाश की देखरेख में संपन्न हुई, जिसमें करीब 700 लीटर घी को एक साबुन फैक्ट्री को 5100 रुपये में बेचा गया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार यह मामला वर्ष 2014 का है जब जंक्शन बाजार में स्थित एक फर्म से अमानक घी की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। जांच के दौरान पाया गया कि यह घी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा और इसे अवैध रूप से बेचा जा रहा था। एसीबी के दल ने छापेमारी के दौरान करीब 700 लीटर घी जब्त किया था, जो तब से सुरक्षित रखा हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित