श्रीगंगानगर , अप्रैल 11 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में समर्थन मूल्य (एमएसपी ) पर गेहूं की खरीद को लेकर तनावपूर्ण माहौल बन गया है। स्लॉट सिस्टम और बायोमेट्रिक प्रणाली का विरोध करते हुए हनुमानगढ़ टाऊन के व्यापारियों ने आज बैठक कर गेहूं खरीद पूरी तरह बंद कर दी। व्यापारियों का आरोप है कि स्लॉट सिस्टम अभी भी जारी है, जिसके कारण सभी व्यापारी खरीद नहीं कर पा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने हालांकि दावा किया है कि स्लॉट सिस्टम पहले ही बंद कर दिया गया है, लेकिन व्यापारियों ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था अभी भी पुरानी ही चल रही है और इसके चलते केवल कुछ चुनिंदा व्यापारियों को ही खरीद की अनुमति मिल पा रही है, जबकि बाकी व्यापारी बिना स्लॉट के खड़ा रह गया है।
आज टाऊन में हुई व्यापारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया कि जब तक स्लॉट सिस्टम और बायोमेट्रिक प्रणाली को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जाता, तब तक गेहूं की खरीद नहीं होगी। व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वे हनुमानगढ़ के साथ-साथ श्रीगंगानगर जिले में भी गेहूं खरीद बंद कर देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित