श्रीगंगानगर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने नशीले द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 53 मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को आज जलाकर नष्ट कर दिया।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि 58 लाख 20 हजार कीमत का तीन क्विंटल 88 किलो 387 ग्राम डोडा पोस्ट जलाकर खाक किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें एक करोड़ 20 लाख 68 हजार 500 रुपए कीमत की 603 ग्राम 425 मिलीग्राम हेरोइन नष्ट की गई है। इसके अलावा 10 लाख 34 हजार रुपए 150 रुपए कीमत का 20 किलो 683 ग्राम गांजा भी नष्ट किया गया है।

श्री मीणा ने बताया कि तीन करोड़ 77 लाख 74 हजार 800 रुपए की 93 हजार नशीली गोलियां, 1284 कैप्सूल 135 नशे की दवा की शीशियां और 18 इंजेक्शन नष्ट किए गए हैं। यह मादक पदार्थ हनुमानगढ़ जंक्शन के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित महालक्ष्मी केम कार्बोनेट प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री की भट्टी में जलाकर नष्ट किए गए। इससे पहले 13 अप्रैल को 11 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित