हनुमानगढ़ , अप्रैल 08 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ के जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कृषि उपज मंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का शुभारंभ किया।

मक्कासर निवासी कृषक पुरुषोतम लाल शर्मा की गेहूं ढेरी का फर्म जुगल किशोर प्रेम रतन की आढ़त में बिक्री से खरीद प्रक्रिया की शुरुआत हुई।

तिलम संघ द्वारा खरीद का श्रीगणेश किया गया, जबकि मंडी में एफसीआई और आरएसएफसीएससी सहित अन्य एजेंसियां भी खरीद करेंगी।

जिला कलेक्टर ने मंडी यार्ड के प्लेटफॉर्म एक एवं दो का निरीक्षण कर किसानों और व्यापारियों से चर्चा की और सभी एजेंसियों को निर्देश दिये कि मंडी में गेहूं पहुंचते ही त्वरित गुणवत्ता जांच कर खरीद प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने ढेरीवार गुणवत्ता परीक्षण की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिये। इस दौरान व्यापारियों द्वारा बारिश के कारण गुणवत्ता में आयी कमी को देखते हुए छूट देने का आग्रह किया, जिस पर जिला कलेक्टर ने बताया कि गुणवत्ता मानकों में राहत के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और शीघ्र निर्णय की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित