बड़वानी , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के निवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच देशी पिस्टल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

थाना प्रभारी आर.के. लोवंशी ने बताया कि पुलिस को पलसूद रोड स्थित सिदड़ी फाटा के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृपाल सिंह टकराना निवासी उंडी खोदरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच देशी पिस्टल, एक मोबाइल फोन, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक बैग और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से सौदे कर महाराष्ट्र सीमा की ओर हथियार सप्लाई करने जा रहा था। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के अवैध हथियार तस्करी में शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित