फगवाड़ा , दिसंबर 27 -- पंजाब में फगवाड़ा के पास खजुराला गांव में शनिवार तड़के अज्ञात हथियारबंद और नकाबपोश लुटेरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक एटीएम को लोहे की छड़ों या गैस कटर से तोड़कर अंदर रखी सारी नकदी चुरा ली। घटना की सूचना सुबह पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली, जिसके बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि पुलिस द्वारा बैंक अधिकारियों को अनिवार्य सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए बार-बार लिखित चेतावनी जारी करने के बावजूद एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं किया गया था। उन्होंने खुलासा किया कि मार्च 2022 में इसी एटीएम से 23 लाख रुपये की लूट हुई थी, लेकिन उसके बाद भी कोई प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गयी थी।

एसएसपी ने बताया, "एटीएम टूटा हुआ मिला और उसमें से नकदी चोरी हो गयी। मौके पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था और निगरानी की कोई व्यवस्था भी नहीं देखी गयी।" उन्होंने कहा कि बार-बार पत्र व्यवहार के बावजूद बैंक अधिकारियों ने पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित नहीं किये। पुलिस दोषियों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। एसएसपी ने कहा, "सुरक्षा नियमों का पालन न करने और लापरवाही बरतने के लिए बैंक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"एसएसपी ने बताया कि बैंक की छुट्टी के दिन घटना घटने के कारण बैंक अधिकारी लूटी गयी, नकदी की सही राशि के बारे में जानकारी देने में असमर्थ थे। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा बार-बार संपर्क करने के बावजूद न तो संबंधित बैंक प्रबंधक मोनिका सहगल और न ही जोनल सुरक्षा प्रभारी विजय कुमार ने कोई प्रभावी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कई कोणों से जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित