सागर , दिसंबर 4 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरियादिया सीतारानी पति गुड्डन अहिरवार निवासी ग्राम घाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी चंदन अहिरवार, मुन्ना अहिरवार और जानकी अहिरवार ने उनके पति गुड्डन अहिरवार पर लाठी और मुक्कों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले में सिर, आंख और अन्य स्थानों पर गंभीर चोटें आने के बाद घायल को केसली से सागर बीएमसी और फिर भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले में थाना केसली में धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को तलाश कर गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त एक-एक बांस की लाठी जप्त की। गिरफ्तार आरोपी चंदन उर्फ भूरेलाल पिता गोवर्धन अहिरवार, मुन्ना पिता गोवर्धन अहिरवार और जानकी पति मुन्ना अहिरवार, तीनों निवासी ग्राम घाना हैं। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी चंदन और मुन्ना को उपजेल रहली भेजा गया, जबकि आरोपिया जानकी को केंद्रीय जेल सागर भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित