वाराणसी , मई 5 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में 26 अप्रैल को हुए मनीष सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने सोमवार रात कठिराव में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
इन बदमाशों के पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं। दोनों मुठभेड़ में घायल आरोपी आशीष राजभर व मनीष राजभर हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं।
पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) नीतू कादयान ने बताया कि 26 अप्रैल की रात को कारोबारी मनीष सिंह की मामूली विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में शामिल चार अभियुक्तों और बदमाशों को शरण देने वाले पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। हत्याकांड के मुख्य आरोपी 50-50 हजार रुपये के इनामी आशीष राजभर व मनीष राजभर फरार चल रहे थे।
सोमवार रात फूलपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पता चला कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति ग्राम कठिराव खरका में पुराने बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास स्थित जर्जर मकान में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख अभियुक्तों ने जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से एक-एक .315 बोर का तमंचा तथा प्रत्येक के पास से एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष सिंह हत्याकांड में वांछित आशीष राजभर तथा मनीष राजभर के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित