हजारीबाग , फरवरी 21 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोरांगी फोर लाइन के पास से राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
दोनों अपराधी कुज्जू कोलियरी क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने एंटी क्राइम चेकिंग और छापामारी अभियान चलाते हुए मोरांगी फोर लाइन के पास से दो आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सादिक खान उर्फ गुलाम जिलानी (पिता- अशफाक आलम, निवासी- खिरगांव, थाना सदर, बड़ा बाजार ओपी) तथा टिपू खान उर्फ तौफिक आलम (पिता- सलीम खान, निवासी- बुचड़टोली, थाना सदर, जिला हजारीबाग) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सादिक खान के पास से एक लोडेड 7.65 एमएम देशी पिस्टल, मैगजीन सहित 4 जिंदा कारतूस बरामद किए, जबकि टिपू खान के पास से भी एक लोडेड 7.65 एमएम देशी पिस्टल, मैगजीन सहित 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 2 देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 41/26 के तहत धारा 61(2)/111(1) बीएनएस एवं 25(1-बी)/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद (भा.पु.से.), मुफ्फसिल थाना प्रभारी पु.अ.नि. रोशन कुमार बर्णवाल, पु.अ.नि. जितेंद्र भगत, तकनीकी शाखा हजारीबाग तथा मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित