हजारीबाग , जनवरी 19 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरीमारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग द्वारा रची जा रही फायरिंग की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया।
पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य राजदीप कुमार साव तथा एक महिला सदस्य मुनिका कुमारी को गिरफ्तार कर उनके पास से अत्याधुनिक हथियार व मैगजीन बरामद की है। इसकी जानकारी आज दी गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रविवार को एंटी क्राइम चेकिंग एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे और आशीष साय के निर्देश पर गिरोह के सदस्य उरीमारी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। बताया गया कि कोलियरी कंपनी द्वारा रंगदारी की रकम नहीं देने के कारण गिरोह क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बना रहा था।
सूचना के सत्यापन के बाद गठित एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उरीमारी ओपी क्षेत्र के रिलैक्स होटल के पास छापामारी की, जहां से राजदीप कुमार साव को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी में एक लोडेड पुलिस कार्बाइन, एक देशी पिस्टल तथा जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
कड़ी पूछताछ में राजदीप ने खुलासा किया कि गिरोह से जुड़े अन्य हथियार केरेडारी थाना क्षेत्र के हेंदेगीर गांव में एक महिला सदस्य के घर में छुपाकर रखे गए हैं। इसके बाद एसआईटी टीम ने वहां छापामारी की। पुलिस को देखकर एक युवती भागने लगी, जिसे महिला चौकीदार की मदद से पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम मुनिका कुमारी बताया।
घर की विधिवत तलाशी में बेडरूम के आलमीरा से एक देशी लोडेड पिस्टल, मैगजीन में दो जिंदा राउंड, एके-47 राइफल की चार खाली मैगजीन और एसएलआर राइफल की छह खाली मैगजीन बरामद की गईं।
इस संबंध में बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 09/26, दिनांक 19.01.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापामारी दल में गिद्दी, उरीमारी, केरेडारी थाना प्रभारी, बड़कागांव अंचल के पुलिस निरीक्षक, बड़कागांव एसडीपीओ के अलावा तकनीकी व नक्सल शाखा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित