हजारीबाग , फरवरी 09 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र से एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से करीब 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 09 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सिमरा रेस्ट हाउस, पेट्रोल पंप के पीछे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में और पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार की मौजूदगी में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईचाक से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुड़िया बनाकर 300 से 500 रुपये में बेचता था।
इस संबंध में सदर (बड़ा बाजार) थाना कांड संख्या 46/26 दिनांक 09.02.2026 के तहत धारा 21(बी)/22(बी)/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. एजाज (उम्र करीब 30 वर्ष), पिता मो. उस्मान, निवासी यासिन गली, खिरगांव, थाना सदर बड़ा बाजार, हजारीबाग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छापामारी दल में एसडीपीओ सदर अमित आनंद, डीएसपी (परिक्ष्यमान) प्रशांत कुमार, पु.अ.नि. पंकज कुमार, पु.अ.नि. गौतम उरांव सहित थाना शस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित