रांची , दिसंबर 27 -- झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत हजारीबाग जिले में पहली बार झारखंड यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

तीन दिनों तक चलने वाली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पूरे झारखंड से 400 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नेशनल यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के साथ ही वॉलीबॉल कोर्ट पर खिलाड़ियों का जोश और जुनून देखने लायक रहा। सुबह से ही मुकाबलों का दौर शुरू हो गया, जहां खिलाड़ी जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करते नजर आए। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं और खिलाड़ी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के करियर के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। इस टूर्नामेंट के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को झारखंड यूथ वॉलीबॉल टीम में शामिल किया जाएगा, जो आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन करेंगे। इसी कारण खिलाड़ियों में चयन को लेकर विशेष उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है।

हजारीबाग वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु प्रसाद ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17वीं झारखंड यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में गजब का उत्साह है और सभी अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। वहीं स्थानीय खेलप्रेमी अमरदीप यादव ने कहा कि हजारीबाग जैसे शहर में इस तरह का राज्यस्तरीय आयोजन होना गर्व की बात है। इससे जिले की पहचान खेल के क्षेत्र में पूरे राज्य में मजबूत होगी और ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए।

प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों ने भी आयोजन की सराहना की है। खिलाड़ियों का कहना है कि हजारीबाग में पहली बार इस स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जिसमें आयोजकों द्वारा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राष्ट्रीय स्तर के रेफरी की मौजूदगी से मुकाबलों की गुणवत्ता और पारदर्शिता भी बढ़ी है। खिलाड़ियों का मानना है कि यहां से चयनित होकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित