रांची , दिसम्बर 18 -- हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर मोहल्ले में 17 दिसंबर की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गली में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के बीच मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी।

आरोपी की क्रूरता इतनी अधिक थी कि कुछ ही पलों में खेल का माहौल चीख-पुकार और दहशत में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिनगर निवासी अलोक गुप्ता अचानक वहां पहुंचा और बिना किसी ठोस कारण के बच्चे पर टूट पड़ा। उसने लात-घूंसे और बेरहमी से बच्चे की पिटाई की। बच्चा दर्द से चीखता रहा और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।

बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां घर से दौड़ती हुई बाहर आई। सामने का मंजर देख वह सन्न रह गई, लेकिन ममता ने उसे हिम्मत दी। मां ने साहस दिखाते हुए आरोपी का सामना किया और अपने बेटे को बचाने की कोशिश की। आसपास के लोगों की मदद से बच्चा किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूट सका।

यह घटना गली तक सीमित नहीं रह गई। किसी ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर ट्वीट किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने जांच में घटना को बरही थाना क्षेत्र के हरिनगर मोहल्ले का पाया। पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत पर बरही थाना कांड संख्या 468/25 दर्ज किया गया। पुलिस ने पहले आरोपी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा, लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद विशेष टीम गठित की गई।

आज पुलिस ने हजारीबाग रोड एनएच-33 पर युवराज होटल के पास से आरोपी अलोक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग बच्चों के साथ हिंसा पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित