हजारीबाग , फरवरी 13 -- झारखंड में हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती उच्च विद्यालय के पास शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान दिलीप कुमार (24 वर्ष), पिता कार्तिक साव, निवासी पेटो, दारू के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक विवेक कुमार, पिता दिनेश महतो, निवासी होलंग, टाटीझरिया बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवेक अपने एक परिचित परीक्षार्थी को मैट्रिक बोर्ड परीक्षा दिलाने के लिए सरस्वती हाई स्कूल आया था। परीक्षार्थी को स्कूल के मुख्य गेट से अंदर भेजने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़ा था। इसी दौरान दारू की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सवार करीब दस फीट दूर जा गिरा और स्कूल में लगे बोर्ड से टकरा गया। बोर्ड में लगे लोहे के नुकीले हिस्से से उसका गला कट गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। वहीं सड़क किनारे खड़े होलंग निवासी विवेक का पैर बुरी तरह टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसी समय मैट्रिक बोर्ड परीक्षा के निरीक्षण के लिए दारू बीडीओ हारून रशीद विद्यालय में मौजूद थे। जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी तत्परता दिखाते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल ले जाने के क्रम में ही दिलीप कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल विवेक कुमार का इलाज जारी है।
मौत की खबर मिलते ही पेटो गांव और मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित