हजारीबाग , फरवरी 03 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आज चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम ढोडिया सहित अंजन के विभिन्न इलाकों में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 25 एकड़ में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 6 डिलीवरी पाइप भी बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया।

पुलिस द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पु0नि0 बरही अंचल चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एएसआई बदल महतो, एएसआई कमरुद्दीन सहित सशस्त्र बल एवं वन विभाग के बनपाल कुलदीप कुमार एवं सरवन कुमार शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि दुर्गम एवं सुदूर क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से अवैध अफीम की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित