हजारीबाग , जनवरी 13 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरानिया में पुलिस एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर आज चलाए गए इस अभियान में लगभग 10 एकड़ क्षेत्रफल में अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही पूर्णतः विनष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान घटनास्थल से 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अवैध अफीम की खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पु०नि० चंद्रशेखर (बरही अंचल), थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, एस आई सुनील कुमार सिंह, एएसआई बदल महतो, सशस्त्र बल एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मी शामिल थे।

पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित