रांची , अप्रैल 28 -- झारखंड बीजेपी के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने हजारीबाग में पत्रकारों पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या का खुला प्रयास बताया है।

डॉ वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का हालिया व्यवहार यह दर्शाता है कि सत्ता का अहंकार किस हद तक बढ़ चुका है। महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बयान देना और उसके बाद सच दिखाने वाले पत्रकारों पर हमला करवाना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि यह घटना सिर्फ एक पत्रकार पर हमला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है। यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आम जनता की आवाज कौन उठाएगा?उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब झारखंड में सच बोलना अपराध बन चुका है? क्या सवाल पूछने वालों को इसी तरह दबाया जाएगा?डॉ. वर्मा ने स्पष्ट कहा कि अगर इस मामले में दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि यह हमला सत्ता के इशारे पर हुआ है। सरकार की चुप्पी इस पूरे मामले में उसकी संलिप्तता को और मजबूत करती है।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि:इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए साथ ही सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

डॉ वर्मा ने कहा कि यह सिर्फ पत्रकारों की लड़ाई नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की लड़ाई है जो सत्य और न्याय में विश्वास रखता है। झारखंड की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित