हज़ारीबाग , जनवरी 28 -- झारखंड के हज़ारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंजन में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध पुलिस एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाया गया।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही पूर्ण रूप से विनष्ट कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चौपारण थाना एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने ड्रोन सर्वे के माध्यम से दुर्गम एवं पहाड़ी इलाकों की पहचान की, जहां बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी। अभियान के दौरान ग्राम अंजन के विभिन्न इलाकों में फैली अवैध खेती को नष्ट किया गया। मौके से 8 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार ड्रोन सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि अंजन क्षेत्र में लगभग 200 एकड़ भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती की गई है। वर्तमान कार्रवाई में 50 एकड़ फसल नष्ट की गई है, जबकि शेष 200 एकड़ क्षेत्र में लगी अफीम की खेती को आगामी तीन दिनों के भीतर पूरी तरह नष्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं पूर्व में इस क्षेत्र में नियमित विनष्टीकरण की कार्रवाई नहीं होने के कारण अफीम तस्करों एवं अवैध खेती करने वालों के हौसले बुलंद हो गए थे। इसे गंभीरता से लेते हुए अब प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम एवं पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, अंचल पुलिस निरीक्षक बरही, चौपारण थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, वन विभाग के बनपाल एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी ड्रोन तकनीक की सहायता से इसी प्रकार सघन एवं सख्त अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित