हज़ारीबाग , जनवरी 29 -- झारखंड के हज़ारीबाग जिला के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हज़ारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम अंजन में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम अंजन के विभिन्न दुर्गम इलाकों में लगभग 100 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित किया गया। मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 14 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया।
पुलिस द्वारा अवैध अफीम की खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजीत कुमार बिमल, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर, थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई दिव्य प्रकाश, एएसआई बदल महतो, एएसआई कमरुद्दीन, सशस्त्र बल एवं वन विभाग के बनपाल कुलदीप कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
पुलिस द्वारा ड्रोन की सहायता से दुर्गम क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती को चिन्हित कर विनष्ट किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हज़ारीबाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित