हरिद्वार , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड में जनपद हरिद्वार के शहर रुड़की में स्वस्थ रुड़की संकल्प' अभियान के अंतर्गत दुर्गा चौक पर नौवां निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है।
शिविर का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ध्रुव गुप्ता के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, रक्त जांच एवं बीएमडी टेस्ट सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही हृदय, हड्डी, दंत, त्वचा, स्त्री एवं बाल रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
नेत्र जांच के दौरान जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु मरीजों का चयन भी किया गया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजक ध्रुव गुप्ता के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करती, जबकि कांग्रेस में विपरीत विचारधारा के लोगों को शामिल किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि 'स्वस्थ रुड़की संकल्प' जनहित में एक सराहनीय पहल है, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
आयोजक ध्रुव गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य 'स्वस्थ रुड़की' को जनआंदोलन बनाना है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिला अध्यक्ष मधु सिंह, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, पूर्व राज्य मंत्री ठाकुर संजय सिंह, पूर्व पार्षद विवेक चौधरी, पार्षद संजीव तोमर, अनुराग त्यागी, आकाश जैन, ललित मोहन अग्रवाल, डॉ. सौरभ गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित