जयपुर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने खेलो इंडिया के तहत भारतीय खेलों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि स्वस्थ तन और मन लिए खेल जरूरी है।
श्री बागडे ने मंगलवार को यहां विद्याधर नगर स्थित स्टेडियम में राजस्थान यूनाईटेड फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित 'इण्डियन फुटबाल लीग' का शुभारंभ किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे फुटबॉल खिलाड़ियों को खेल में उम्दा प्रदर्शन कर अपनी टीम को विजयी बनाने की शुभकामनाएं दी और कहा कि फुटबॉल तेजी से विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल बनता जा रहा है। इसका इतिहास दो हजार साल से अधिक पुराना है।
राज्यपाल ने भारत में फुटबॉल खेल के इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि भारत में महिला फुटबॉल की 1990 के दशक में शुरुआत हुई। पुरुषों के खेल की तरह ही, महिलाओं के खेल में भी शुरुआती खिलाड़ी पश्चिम बंगाल राज्य से थीं। उन्होंने भारतीय फुटबॉल के पथ प्रदर्शक नागेंद्र प्रसाद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही सबसे पहले कोलकाता और बंगाल में कई फुटबॉल क्लब स्थापित किए। इसी से हमारे यहां इस खेल की लोकप्रियता में वृद्धि हुई।
श्री बागडे ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे बौद्धिक क्षमता बढती है। इसीलिए भारत सरकार ने 'खेलो इंडिया' अभियान के साथ खेलों के विकास के लिए निरंतर कदम उठाए हैं। उन्होंने बाद में फुटबॉल मैच भी देखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित