मुंबई , फरवरी 06 -- स्वर्ण भंडार में 14.595 अरब डॉलर के तेज उछाल के दम पर 30 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 723.774 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को बताया कि विदेशी मुद्रा भंडार में 14.361 अरब डॉलर की वृद्धि हुई। इसमें मुख्य योगदान स्वर्ण भंडार का रहा जो पहली बार 137.683 अरब डॉलर पर पहुंचा। इससे पहले 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 8.053 अरब डॉलर बढ़कर 709.413 अरब डॉलर पर रहा था जो उस समय का रिकॉर्ड स्तर था।
दूसरी तरफ, 30 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 49.3 करोड़ डॉलर की गिरावट रही जो विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक है। यह 562.392 अरब डॉलर रह गया। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो शामिल हैं। इनका मूल्य डॉलर की तुलना में इनके संदर्भ दर के आधार पर तय होता है।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 4.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.746 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 21.6 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 18.953 अरब डॉलर पर रहा।
रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि विदेशी मुद्रा भंडार का यह स्तर 11 महीने के वस्तु आयात या कई दशक के चालू खाता घाटे के लिए पर्याप्त है। शुक्रवार सुबह जारी मौद्रिक नीति बयान में उन्होंने कहा कि बाह्य सेक्टर के मोर्चे पर भारत मजबूत स्थिति में है और केंद्रीय बैंक बाहरी वित्तीय जरूरतों को आसानी से पूरा करने को लेकर आश्वस्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित