पटना , जनवरी 22 -- पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को और अधिक सक्षम बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पटना नगर निगम द्वारा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।इसी क्रम में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को और अधिक सक्षम बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में यह चर्चा हुई कि को प्रकार शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा उनके स्वरोजगार को सुदृढ़ किया जा सकता है।
पटना नगर निगम द्वारा स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से समूहों की कार्यप्रणाली, दक्षता, संचित निधि एवं अन्य गतिविधियों का आकलन किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को विशेष रूप से सशक्त किया जाएगा, जिससे समूह से जुड़ी महिलाएं अपने आजीविका संबंधी कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को समूह आधारित आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे छोटे व्यवसाय, घरेलू उद्योग एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को प्रारंभ करने अथवा उनका विस्तार करने में सक्षम हो सकें। इसके साथ ही महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया है कि यदि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को किसी प्रकार के तकनीकी या कौशल विकास प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, तो नगर निगम विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। इससे महिलाएं अपने कार्य को अधिक दक्षता, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगी।
नगर निगम की आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ते हुए उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकेंबैठक में नगर निगम के वरीय पदाधिकारी, मुख्यालय के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित