चम्पावत , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के चम्पावत जिले के दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत सुविधा से वंचित 74 तोकों में जल्द ही बिजली पहुंचेगी। शासन ने इसके लिए पांच करोड़ रुपये की विद्युत योजना को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के उन सभी तोकों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जहां स्वतंत्र भारत के बाद अभी तक विद्युत लाइन नहीं पहुंच पाई है। इसके तहत विद्युत लाइन का विस्तार, ट्रांसफार्मर की स्थापना और अन्य आवश्यक ढांचे का निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्र में स्थायी और सुचारु बिजली आपूर्ति हो सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाना है और यह भी प्रयास है कि कोई भी गांव या तोक बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहे।
इस निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। बिजली पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों को भी नई दिशा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित