पटना , जनवरी 11 -- टना नगर निगम मुख्यालय में रविवार को स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारत सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत शहरी स्वच्छता मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में पटना नगर निगम की ओर से सुनियोजित, निगरानी-आधारित एवं परिणामोन्मुखी प्रयास लगातार किए जा रहे हैं इसी क्रम में आज पटना नगर निगम मुख्यालय में स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला की अध्यक्षता नगर आयुक्त, पटना नगर निगम यशपाल मीणा द्वारा की गई।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण के राष्ट्रीय मानकों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, शिकायत निवारण तंत्र, नागरिक सहभागिता, तथा फील्ड स्तर पर नियमित एवं तकनीक-सहायित मॉनिटरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने प्री-असेसमेंट तैयारियों के अंतर्गत गैप एनालिसिस, सुधारात्मक उपायों के क्रियान्वयन, सूचना-शिक्षा-संचार अभियानों में तेजी तथा शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सर्वेक्षण से पूर्व जमीनी स्तर पर 100 प्रतिशत स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
आयोजित कार्यशाल में स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में सभी श्रेणी में पूर्णांक प्राप्त करने हेतु के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को लेकर भी चर्चा हुई जिससे सर्वेक्षण प्रारंभ होने से पूर्व किए जाने वाले सभी आवश्यक कार्यों का स्पष्ट विवरण शामिल हो।
नगर आयुक्त द्वारा प्रतिदिन सुबह 7 बजे एवं रात्रि 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
नगर आयुक्त ने उपस्थित सभी अधिकारी , सुपरवाईजर एवं कर्मचारियों का उत्साह वरदान करते हुए कहा कि निरंतर मॉनिटरिंग, समयबद्ध समीक्षा एवं जवाबदेही आधारित कार्यप्रणाली के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना नगर निगम का प्रदर्शन और बेहतर किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना का प्रदर्शन लगातार सुधर रहा है तथा गत वर्ष पटना को थ्री-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई थी।
कार्यशाला का उद्देश्य सभी स्तरों पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साझा लक्ष्य से जोड़ना तथा स्वच्छ सर्वेक्षण को केवल रैंकिंग आधारित मूल्यांकन न मानकर शहरी जीवन गुणवत्ता सुधार के व्यापक अभियान के रूप में अपनाना है।
इस अवसर पर अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतत निगरानी एवं जनसहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें, कचरा प्रबंधन के निर्धारित नियमों का पालन करें तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर अपने शहर के प्रति अपनी जवाबदेही निभाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित