चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- हरियाणा के पर्यावरण वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
श्री सिंह ने गुरुग्राम में आयोजित पुष्प महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता के लिए कई स्तरों पर कार्य कर रही है, लेकिन केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के बिना स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से पॉलीथीन पर प्रतिबंध लागू है फिर भी इसका उपयोग जारी है। पॉलीथीन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है बल्कि सीवर जाम और जलभराव जैसी समस्याओं को भी जन्म देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं पॉलीथीन का उपयोग बंद कर दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उसकी लगातार शीर्ष रैंकिंग वहां की मजबूत जनभागीदारी का परिणाम है।
श्री सिंह ने नागरिकों से स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि यह विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित