नयी दिल्ली , दिसंबर 09 -- देश के उड्डयन क्षेत्र में जारी संकट के बीच किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट के बेड़े में दो और बोइंग 737 विमान शामिल हो गये हैं।

स्पाइसजेट ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि दोनों विमान 26 और 29 नवंबर से वाणिज्यिक उड़ान भरनी शुरू कर चुके हैं। इनका उपयोग दिल्ली-बैंकॉक, अहमदाबाद-दुबई और अहमदाबाद-कोलकाता मार्गों पर किया जा रहा है।

पीक मांग वाले समय में दो विमानों का बेड़े में शामिल होना कंपनी के लिए काफी लाभदायक है। स्पाइसजेट के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी देबोजो महर्षि ने इसे चरणबद्ध तरीके से क्षमता विस्तार की तरफ एक और कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि इससे परिचालन को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित