उदयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान में उदयपुर में चल रहे रॉकवुड्स ब्लेज़िंग स्ट्राइकर्स क्रिकेट कप - 2026 में रविवार को स्टेडफास्ट वॉरियर्स ने रण स्टार क्रिकेट क्लब को 48 रनों से हराया।
उदयपुर क्रिकेट एसोसिएशन एवं वंडर सीमेंट क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में शिकरबाड़ी क्रिकेट मैदान पर खेले गए मैच में स्टेडफास्ट वॉरियर्स की ओर से नितीश रेड्डी ने 47 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच की दिशा तय कर दी। गेंदबाजी में शुभंकर त्यागी ने चार ओवर में तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल करके विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा।
पहले मैच के बाद दूसरा रोमांचक मुकाबला सीपीएस (मेवाड़ रॉयल्स) और स्पोर्टिंग क्लब नजफगढ़ (नजफगढ़ के सुल्तान) के बीच खेला गया। मेवाड़ रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और उनके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
गेंदबाजी विभाग में प्रद्युम्न पारिख ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवर में मात्र नौ रन देकर चार विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए करन सिंह ने मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने मात्र 37 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनकी बेहतरीन पारी की बदौलत मेवाड़ रॉयल्स ने पांच विकेट से जीत दर्ज की।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में पहले मैच में बलवंत शर्मा (पूर्व अंतर्राष्ट्रीय अंपायर), महेंद्र शर्मा (पूर्व राजस्थान क्रिकेट संघ के सचिव) और सतीश शर्मा ( एमएमपीएस स्कूल) द्वारा नीतीश रेड्डी को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया और दूसरे मैच में रॉकवुड्स ब्लेज़िंग स्ट्राइकर्स क्रिकेट कप के अध्यक्ष सुनील लड्ढ़ा द्वारा प्रद्युम्न पारिख को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। दोनों खिलाड़ियों को पांच -पांच हजार रुपए की राशि का चेक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित