चेन्नई , फरवरी 19 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने श्रीलंका की नौसेना द्वारा राज्य के मछुआरों की लगातार हो रही गिरफ्तारियों पर दुख व्यक्त करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। उन्होंने विदेश मंत्री से आग्रह किया कि श्रीलंका की हिरासत से रिहा किये गये मछुआरों की स्वदेश वापसी के लिए तत्काल राजनयिक कार्रवाई की जाये और अभी भी हिरासत में मौजूद सभी मछुआरों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की जाये।

डॉ. जयशंकर को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के 22 मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी चार नौकाओं को जब्त किये जाने की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि कल रामेश्वरम से समुद्र में गये 18 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने उनकी तीन नौकाओं के साथ पकड़ लिया। इसी तरह की एक अन्य घटना में मंडापम बंदरगाह से गये चार मछुआरों को भी उनकी नौका सहित हिरासत में ले लिया गया।

श्री स्टालिन ने कहा कि मछुआरा समुदाय का जीवन और आजीविका पूरी तरह से समुद्र पर निर्भर है और बार-बार होने वाली इन गिरफ्तारियों ने उनके परिवारों में गहरा संकट पैदा कर दिया है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, 104 मछुआरे और 258 नौकाएं श्रीलंकाई अधिकारियों की हिरासत में हैं। इसके अलावा, फरवरी के पहले सप्ताह में जाफना अदालत द्वारा रिहा किये गये 12 मछुआरों की वापसी में हो रही देरी भी चिंता का विषय बनी हुई है, जिससे उनके परिवार आर्थिक तंगी और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित