चेन्नई , अप्रैल 14 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को डॉ. बी. आर. अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री स्टालिन ने संविधान निर्माता बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यदि प्रगति ही पैमाना है, तो लोगों को एकरूपता और ऊंच-नीच को खारिज कर बहुलतावाद और समानता को चुनना चाहिए तथा न्याय को कायम रखना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की ताकत उसकी बहुलतावाद में निहित है, न कि थोपी गई एकरूपता में।
मुख्यमंत्री ने अपनी बात को पुख्ता करने के लिए डॉ. अंबेडकर के उस संदेश का भी उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी समुदाय की प्रगति इस बात से मापी जाती है कि उसकी महिलाओं ने क्या प्रगति हासिल की है। उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा करने, सामाजिक न्याय को बनाए रखने और हर दबे-कुचले व्यक्ति की आवाज की रक्षा करने के अपने संकल्प को मजबूत करने की भी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित