चेन्नई , दिसंबर 28 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की लगातार और चिंताजनक रूप से हो रही गिरफ्तारी पर गहरी पीड़ा तथा चिंता व्यक्त करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अनुरोध किया कि वह राजनयिक रास्तों का उपयोग करके मछुआरों की रिहाई करायें और उनकी नावों को वापस दिलाएं।
श्री स्टालिन ने श्री जयशंकर को एक अर्ध-सरकारी पत्र लिखकर गुज़ारिश की कि वह उचित राजनयिक रास्तों से तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी रोकें और गिरफ्तार हो चुके मछुआरों की रिहाई भी सुनिश्चित करें। उन्होंने तमिलनाडु के तीन मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी नावों के ज़ब्त होने की घटना की ओर श्री जयशंकर का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि ये मछुआरे बीते रोज़ रामनाथपुरम की मंडपम घाट से मछली पकड़ने के लिये रवाना हुए थे।
उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई अधिकारियों ने तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी और उनके मछली पकड़ने वाले जहाजों को ज़ब्त करना लगातार जारी रखा है। उन्होंने कहा कि इससे हमारे मछुआरों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित