मुंबई , फरवरी 18 -- रोमांटिक एंटरटेनर फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर स्टार गोल्ड पर 22 फरवरी को दोपहर एक बजे होगा।

शशांक खेतान के निर्देशन में बनी और धर्मा प्रोडक्शंस व मेंटर डिसाइपल फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म की कहानी सनी (वरुण धवन) के इर्द-गिर्द घूमती है। सनी का दिल तब टूट जाता है जब उसकी गर्लफ्रेंड अनन्या (सान्या मल्होत्रा) प्यार के बजाय सुरक्षित भविष्य चुनते हुए अरबपति विक्रम (रोहित सराफ) से शादी करने का फैसला कर लेती है।

जब सनी खुद को संभालने की कोशिश कर रहा होता है, तभी उसकी मुलाकात तुलसी (जाह्नवी कपूर) से होती है, जो खुद भी विक्रम से नाराज़ है। अपने-अपने एक्स को सबक सिखाने की योजना बनाते हुए दोनों उदयपुर में होने वाली एक डेस्टिनेशन वेडिंग तक पहुंच जाते हैं। वहां अजीब हालात, नकली डेटिंग और कई मजेदार घटनाओं के बीच सनी और तुलसी अपने ही दिल की भावनाओं पर सवाल करने लगते हैं।

वरुण धवन ने कहा, "सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी दर्शकों को दिल, हंसी और ऊर्जा से भरी एक यात्रा पर ले जाती है। हमने कोशिश की है कि एक ऐसी पारिवारिक फिल्म बनाई जाए जिसमें भावना और मनोरंजन दोनों बराबर हों। मुझे खुशी है कि देशभर के दर्शक इसे इस रविवार, 22 फरवरी को दोपहर एक बजे स्टार गोल्ड पर देख पाएंगे। उम्मीद है उन्हें यह उतनी ही पसंद आएगी जितना हमें इसे बनाते समय मजा आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित