नयी दिल्ली , मार्च 18 -- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के व्यवसाय, निवेश और व्यापार मामलों के मुख्य सलाहकार वरुण चंद्रा ने बुधवार को यहां केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारण और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से अलग-अलग मुलाकात की तथा दोनों देशों के बीच पिछले साल हुए व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते को लागू करने के विषय में चर्चा की।
वित्त मंत्रालय ने एक्स पर फोटो सहित यह जानकारी देते हुए कहा, ' श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में ब्रिटेने के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के व्यवसाय एवं निवेश विषय के विशेष सलाहकार वरुण चंद्रा से मुलाकात की।'मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के आधार पर, फिनटेक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, वित्तीय बाजार, बैंकिंग और बीमा सहित भारत-यूके आर्थिक एवं वित्तीय संवाद में सहमति बनी अन्य साझा प्राथमिकताओं के माध्यम से सहयोग बढ़ाने के विभिन्न अवसरों पर चर्चा की।
वाणिज्य मंत्री ने श्री चंद्रा के साथ हुई अपनी मुलाकात के बारे में एक्स पर कहा कि उनके साथ भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (भारत-बिटेन सीईटीए) के कार्यान्वयन की दिशा में प्रगति पर बातचीत की। श्री गोयल ने कहा, 'ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के मुख्य व्यवसाय, निवेश एवं व्यापार सलाहकार वरुण चंद्रा के साथ एक सार्थक बैठक हुई। भारत-ब्रिटेन सीईटीए के कार्यान्वयन में प्रगति पर चर्चा की गई और दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के अवसरों की भी खोज की गयी।'भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापाक आर्थिक एवं व्यापार समझौते पर जुलाई 2025 में हस्ताक्षर किये गये थे। समझौते के तहत भारत से ब्रिटेन जाने वाले 99 प्रतिशत माल को वहां के बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश मिलेगा। इससे भारत से वहां के लिए कपड़ा, चमड़ा, आभूषण और आईटी क्षेत्र के निर्यात को बढावा मिलने की उम्मीद है। इसी तरह ब्रिटेन में बनी व्हिस्की, वाहनों और चिकित्सकीय उपकरणों को भारत में कम शुल्क पर प्रवेश मिलेगा। दोनों पक्षों का लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करके 120 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंचाने का है। वर्ष 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 60 अरब डॉलर के स्तर का था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित