पटना , फरवरी 03 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को कहा कि स्कैन एंड शेयर प्रणाली के अंतर्गत 5.26 करोड़ से अधिक टोकन का निर्माण कर बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
श्री पांडेय ने आज बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति, स्वास्थ्य विभाग की एक दिवसीय कार्यशाला "आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन बिहार कॉन्क्लेव 2.0" का शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्री पांडे ने इस अवसर पर कहा कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य लक्ष्य राज्य में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये भावी कार्ययोजना एवं रणनीति पर विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श करना है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर, सरल और पारदर्शी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
श्री पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में डिजिटल स्वास्थ्य सेवा अब केवल शहरों तक नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनों तक स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी सुलभ हो रही है। स्कैन एंड शेयर प्रणाली के अंतर्गत 5.26 करोड़ से अधिक टोकन का निर्माण कर बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 6.11 करोड़ आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई जा चुकी है। जिससे बिहार देश में चौथे स्थान पर है, वहीं 6.17 करोड़ से अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार कर राज्य राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान पर पहुंच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित