हरिद्वार , मार्च 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय आन्नेकी नंबर-1 में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
इस दौरान अधिकार मित्र मौहम्मद नौमान साबिर ने छात्रों को विभिन्न कानूनी सेवाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर में किशोर न्याय अधिनियम 2015 और पोक्सो अधिनियम 2012 के बारे में जागरूक किया गया तथा साइबर अपराध से बचाव और परीक्षा के दौरान मानसिक तनाव से दूर रहने के उपाय भी बताए गए।
वही छात्रों को नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 101 छात्र मौजूद रहे।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्या अंजू यादव, अध्यापक रानी, अल्पना गुप्ता और अनुज कुमार भी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने आम लोगों से अपने अधिकारों और कानूनी सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित