रामनगर , दिसंबर 19 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में निर्धारित समय से पहले विद्यार्थियों की छुट्टी करना शिक्षकों को भारी पड़ गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) ने लापरवाही बरतने पर रामनगर विकासखंड के दो विद्यालयों के 17 शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल ने शुक्रवार को रामनगर के सावल्दे न्याय पंचायत क्षेत्र के 10 विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सेमलखलिया और प्राथमिक विद्यालय सेमलखलिया में छात्र निर्धारित समय से पहले ही घर भेज दिए गए थे। इसे अनुशासनहीनता और गंभीर लापरवाही मानते हुए सीईओ ने दोनों स्कूलों के 17 अध्यापकों एवं लिपिकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जीआईसी ढेला, हाईस्कूल पटरानी, कन्या जूनियर हाईस्कूल सावल्दे सहित कई अन्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित