बैतूल , दिसंबर 27 -- मध्यप्रदेश बैतूल जिले के सिंगानवाड़ी के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कूल बस ने एक किसान को टक्कर मारकर करीब 20 फीट तक घसीट दिया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हादसे में घायल किसान की पहचान मुन्ना वर्मा के रूप में हुई है। वह खेत से लौटते समय बाइक से सड़क पार करने के लिए हाईवे के डिवाइडर के पास खड़ा था। इसी दौरान सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस आई और किसान को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस किसान को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई।
घटना के समय पास ही संदीप पानकर के ढाबे पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल किसान को बस के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल बड़ोरा स्थित गुरुकृपा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रात में नागपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार किसान के पैर में फ्रैक्चर है और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
मामले को लेकर थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि अभी तक अस्पताल या पीड़ित के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार में था और सड़क पर खड़े किसान पर ध्यान नहीं देने के कारण यह हादसा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित