रामनगर,18अप्रैल(वार्ता) उत्तराखंड में |नैनीताल जिले के रामनगर के कानियाँ क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक होटल के कमरे से स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राएं बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर के कानियाँ क्षेत्र स्थित एक होटल में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राओं के मिलने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि ये दोनों छात्राएं शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की हैं और होटल के कमरे में मौजूद थीं।
सूचना के आधार पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने इस मामले को उठाया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर जोगा सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्राओं के साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग छात्राओं का इस तरह होटल में पाया जाना कई सवाल खड़े करता है। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बिना उचित पहचान पत्र के होटल में कमरा दिए जाने जैसी गंभीर लापरवाही हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित