मऊ , अप्रैल 2 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत "स्कूल चलो अभियान" का शुभारंभ गुरुवार को नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री ने जागरूकता रैली व प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। छात्राओं ने योग प्रदर्शन के माध्यम से "स्वस्थ जीवन" का संदेश दिया, वहीं "शिक्षा हर बच्चे का अधिकार" जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया गया।
श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और "स्कूल चलो अभियान" इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव और घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास भी आवश्यक है। शिक्षक बच्चों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना सिखाएं, ताकि वे एक अच्छे नागरिक बन सकें।
मंत्री ने सुझाव दिया कि विद्यालयों में बच्चों के जन्मदिन पर फलदार पौधों का रोपण किया जाए और समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाकर उन्हें पर्यावरण और साफ-सफाई के प्रति जागरूक बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई बच्चा स्कूल समय में बाहर खेलता दिखे, तो उसके अभिभावकों से संपर्क कर उसे विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि जनपद में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.57 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। साथ ही परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की सुविधा हेतु 1 करोड़ रुपये की लागत से बेंच की व्यवस्था कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित