फिल्लौर (जालंधर) , मार्च 20 -- विद्यार्थियों को अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़ी नवीनतम प्रौद्योगिकी तथा ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से, जालंधर के जिला उपायुक्त डाॅ हिमांशु अग्रवाल और उपाध्यक्ष पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मोहाली प्रधानाचार्य प्रेम कुमार ने शुक्रवार को स्कूल ऑफ एमिनेंस फिल्लौर में अति-आधुनिक स्पेस लैब का उद्घाटन किया।
उपायुक्त ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाएगी और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी में आगे बढ़ने के अवसर देगी। उन्होंने बताया कि इस लैब के माध्यम से विद्यार्थी अंतरिक्ष, ग्रहों, रोबोटिक्स, मौसम की भविष्यवाणी, संचार और नैवीगेशन जैसे विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
डाॅ अग्रवाल ने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का है और स्पेस के बारे में ज्ञान प्राप्त करके विद्यार्थियों के भविष्य के लिए नये रास्ते खुलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि इस लैब से शिक्षा लेकर वे भविष्य में स्पेस वैज्ञानिक बनकर अपने जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में ऐसी लैब खोलने से यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में बेहतर तरीके से सीखने का मौका मिलेगा। इसी तरह की एक स्पेस लैब स्कूल ऑफ एमिनेंस आदमपुर में भी स्थापित की गयी है, जिसका हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दौरा भी किया था। डाॅ अग्रवाल ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में भी ऐसी स्पेस लैब स्थापित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ जीवन में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और मेहनत से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित