जालंधर , मार्च 16 -- पंजाब में जालंधर और मोगा के प्रमुख स्कूलों, ट्रेनों और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर सोमवार को कई स्कूलों में नौवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और जांच शुरू कर दी गई है।
जालंधर में तीन प्रमुख स्कूलों, दिल्ली जाने वाली ट्रेन, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने का मामला सामने आया। ऐसा बताया गया है कि यह धमकी कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थकों की ओर से मिली है। जानकारी के मुताबिक जालंधर के एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित एक अन्य निजी स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल में चेतावनी दी गई है कि जालंधर में स्थित इन संस्थानों के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन और विधानसभा को भी निशाना बनाया जा सकता है। ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए। धमकी भरे ईमेल में एक और गंभीर चेतावनी दी गई है। मेल भेजने वाले ने जालंधर जिले में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं को हटाने की मांग की है। इसके लिए 14 अप्रैल तक का समय दिया गया है। ईमेल में कहा गया है कि यदि तय समय तक प्रतिमाएं नहीं हटाई गईं तो उन्हें बम से उड़ा दिया जायेगा।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस साइबर सेल भी ईमेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी है।
एपीजे स्कूल में पहुंची जालंधर की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आर्कषी जैन ने कहा कि जहां-जहां धमकी मिली, वहां पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि डरने वाली कोई बात नहीं है। घबराएं नहीं। प्रशासन के संज्ञान में मामला है।
पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
इसके साथ ही मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें गांव गोथेवाला, उगोके और झंडियाना के सरकारी स्कूल शामिल हैं। ईमेल स्कूलों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई। गोथेवाला स्कूल के एक अध्यापक ने बताया कि पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद बम निरोधक दस्तों को मौके पर भेजा गया। इसके चलते नौवीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दी गई।
जालंधर के स्कूलों को ईमेल हाबी दानबा के अकाउंट से सुबह सात बजकर 37 मिनट पर भेजी गई। सब्जेक्ट में जालंधर स्कूलों में बम धमाका लिखा है। इसमें लिखा है कि 'मुख्यमंत्री भगवंत मान निशाने पर हैं। पंजाब बनेगा खालिस्तान। अपने बच्चे बचाओ, अंबेडकर के पोर्ट्रेट और मूर्तियां 14 अप्रैल तक पंजाब में से हटा दो। नहीं तो बमों का धमाका होगा।'मेल में स्कूलों को उड़ाने का समय एक बजकर 11 मिनट, असेंबली को दो बजकर 11 मिनट, दिल्ली ट्रेन को नौ बजकर 11 मिनट लिखा है। इसमें सिखों के नरसंहार का बदला लेने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित