रायसेन , दिसंबर 26 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र में आज शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक वैन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक शिक्षिका समेत छह मासूम बच्चे घायल हो गए।

यह हादसा सुल्तानगंज-सिलवानी स्टेट हाईवे-15 पर बोरिया तिगड़ा के पास हुआ। मारुति वैन श्री रामराजा गुरुकुल विद्यालय, पारस कॉन्वेंट स्कूल और शासकीय हाई स्कूल सुल्तानगंज के विद्यार्थियों को पिपलिया खुर्द, शाहपुर और खमरिया कलां गांवों से लेकर स्कूल जा रही थी।

इसी दौरान सुल्तानगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से वैन को टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षिका दुर्गेश यादव सहित छात्र-छात्राएं शांति, केशरी, संजना, रुचि, वसुंधरा और सुहानी घायल हो गईं। घटना की सूचना तत्काल 112 डायल सेवा पर दी गई, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित