नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- स्काईहॉप एविएशन को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (एओसी) मिल गया है।
इसके साथ ही कंपनी देश में पहली बार वाणिज्यिक सीप्लेन संचालन शुरू करने के और करीब पहुंच गयी है। स्काईहॉप एविएशन किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट के प्रवर्तक अजय सिंह की बेटी अवनी सिंह की कंपनी है।
वाणिज्यिक सी-प्लेन संचालन शुरू करने के लिए इस महीने की शुरुआत में उत्तराखंड के गंगा बैराज और टिहरी झील पर पानी में टेक-ऑफ और लैंडिंग के सफल परीक्षण किये गये थे।
कंपनी की सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसका उद्देश्य उन क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार करना है जहां पारंपरिक हवाई अड्डे बनाना मुश्किल है। पहले चरण में लक्षद्वीप के पांच द्वीपों को आपस में और मुख्य भूमि से जोड़ने की योजना है। संचालन 19-सीटर विमान से शुरू होगा। एयरलाइन देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसे अवसरों का मूल्यांकन कर रही है, जहां इस तरह की कनेक्टिविटी वास्तविक बदलाव ला सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित