सागर , जनवरी 31 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में स्थित सौ वर्ष पुराने लोअर चंदिया बांध की मरम्मत को लेकर जिला कलेक्टर संदीप जी आर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कलेक्टर शाहगढ़ विकासखंड पहुंचकर लोअर चंदिया डैम का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने बांध की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और इसके सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि लोअर चंदिया बांध क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसकी मरम्मत होने से सिंचाई के साथ-साथ पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी, जिससे शाहगढ़ क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बांध की मरम्मत के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जल संसाधन विभाग के अधिकारी अखिल बिरथरे ने बताया कि लोअर चंदिया डैम का निर्माण वर्ष 1926 में किया गया था। इसका कैचमेंट एरिया लगभग 80 वर्ग किलोमीटर है। बांध की कुल भराव क्षमता 5.86 एमसीएम है, जिसमें से 5.77 एमसीएम जल का उपयोग किया जाता है। वर्तमान में 0.09 एमसीएम जल भराव क्षमता शेष है। इस बांध से लगभग 2250 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि लोअर चंदिया डैम के ऊपर अपर चंदिया डैम स्थित है, जिसकी भराव क्षमता 8.86 एमसीएम है। इसमें से 7.96 एमसीएम पानी लोअर चंदिया डैम में भेजा जाता है। दोनों बांधों से कुल 13.73 एमसीएम पानी प्राप्त होता है। यदि बांध और इससे जुड़ी नहरों की मरम्मत की जाती है तो और अधिक भूमि की सिंचाई संभव होगी, साथ ही पेयजल संकट भी दूर हो सकेगा।

अखिल बिरथरे ने बताया कि लोअर चंदिया डैम की मरम्मत की कार्ययोजना ड्रिप योजना के अंतर्गत तैयार कर केंद्र सरकार की सीडब्ल्यूसी को भेजी जा चुकी है। सीडब्ल्यूसी द्वारा उठाई गई आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह बांध चंद्रमा के आकार का है, इसी कारण इसका नाम चंदिया पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित