अलवर , फरवरी 28 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में माछरोली गांव स्थित एक निजी सौर ऊर्जा संयंत्र पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलते हुए चौकीदार को बंधक बना लिया और करीब 30 लाख रुपये से अधिक का सामान लूटकर फरार हो गये।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यदुवंशी सोलर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भीम सिंह यादव ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी खातेदारी कृषि भूमि पर केंद्र एवं राज्य सरकार की कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर रखा है। संयंत्र से राज्य सरकार को विद्युत आपूर्ति की जाती है। पच्चीस फरवरी की रात करीब साढ़े 12 बजे सात आठ बदमाश हथियारों से लैस होकर संयंत्र परिसर में घुस आये और उन्होंने चौकीदार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर 2200 केवीए का पावर ट्रांसफार्मर, 25 केवीए का ऑक्सिलरी ट्रांसफार्मर, करीब 500 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल और डीसी केबल सहित अन्य उपकरण उखाड़कर वाहन में लादकर ले गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित