पटना , दिसंबर 15 -- पटना साहिब से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि नितिन नवीन का सौम्य स्वभाव, समर्पित कार्यकर्ता के रूप में दृष्टि, विधायक के तौर पर व्यापक अनुभव और बिहार सरकार में मंत्री रहते हुये प्रशासनिक दक्षता उन्हें इस महत्वपूर्ण पद के लिये अत्यंत उपयुक्त बनाती है।
सांसद श्री प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आज कहा कि नितिन नवीन ने विभिन्न प्रदेशों में संगठनात्मक प्रभारी के रूप में भी प्रभावी भूमिका निभाई है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में नितिन नवीन अपने संगठनात्मक कौशल और प्रखर नेतृत्व से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जायेंगे।
श्री प्रसाद ने इसे अपने लिये भावुक क्षण बताते हुये कहा कि वह नितिन नवीन को बचपन से जानते हैं और उन्हें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देखना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने एक युवा और परिश्रमी कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिये पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित