कांकेर , फरवरी 08 -- सोशल मीडिया पर वीडियो एवं फोटो वायरल करने की धमकी देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार करके बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शाहिद खान (25) अलवर जिले के खारेड़ा निवासी के विरुद्ध भानुप्रतापपुर थाने में एक प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रार्थी द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया था। बातचीत के दौरान बने वीडियो एवं स्क्रीनशॉट का गलत इस्तेमाल करने की धमकी देकर आरोपी ने प्रार्थी को डरा-धमकाकर लगभग 84,000 रुपये की ठगी कर ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी का पता लगाया। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राजस्थान पुलिस के समन्वय से अलवर में आरोपी शाहिद खान का संज्ञान लिया गया। आरोपी से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार करके लाया गया था अदालती आदेश पर 08 फरवरी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्री श्रीमाल ने बताया कि साइबर ठगी के इस तरीके में अपराधी संवेदनशील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से रकम ऐंठते हैं। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने तथा ऐसे किसी भी संदिग्ध संपर्क या धमकी की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की है। पुलिस इस तरह के साइबर अपराधों पर कड़ी नजर रखते हुए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित