जयपुर , जनवरी 15 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि आगामी 28 जनवरी से शुरु होने वाले राज्य की सोलहवीं विधानसभा के पंचम सत्र में सदन की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार का कोई नया प्रावधान नहीं किया गया है।

श्री देवनानी ने कहा कि विधायकों के लिए जारी किए गए समस्त बुलेटिन पूर्व विधानसभाओं के सत्रों की भांति ही हैं। प्रश्न पूछने की प्रक्रिया, शून्यकाल, प्रश्नकाल तथा अन्य संसदीय व्यवस्थाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजस्थान विधानसभा की स्वस्थ संसदीय परंपराओं के अनुसार ही इस सत्र में भी पूर्ववत व्यवस्थाएं ही रखी गई है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में लागू पर्ची व्यवस्था पूर्णतः पूर्ववत है। इसमें केवल प्रस्तावों को ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत करने की सुविधा जोड़ी गई है। इसके अतिरिक्त प्रक्रिया में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। पर्ची व्यवस्था का उद्देश्य लोक महत्व के विषयों को सरल, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सदन में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है, जिससे सदस्य अपने विधानसभा क्षेत्र एवं प्रदेश से संबंधित जनहित के विषयों को और अधिक प्रभावी रूप से उठा सकें।

श्री देवनानी ने बताया कि वर्ष 2020 में तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी के निर्देशों की अनुपालना में प्रश्नों की ग्राह्यता के संबंध में कतिपय संशोधनों सहित विधानसभा बुलेटिन संख्या 20, 25 जनवरी 2020 जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रश्नों की संख्या अथवा सीमा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियम 37 (2) (8) एवं (10) मे स्पष्ट प्रावधान है कि प्रश्न अत्यधिक लम्बा नहीं होगा। ऐसा विषय नहीं उठाया जाएगा जिसकी प्रकृति इतनी विस्तृत हो कि उत्तर प्रश्न की सीमा में समाहित न किया जा सके। इन्हीं नियमों के आधार पर यह व्यवस्था भी पूर्ववत है कि जहाँ तक संभव हो, पाँच वर्षों से अधिक पुरानी जानकारी नहीं मांगी जाए, ताकि विभाग द्वारा निर्धारित समयावधि में उत्तर उपलब्ध कराया जा सके और विधायक सदन में अपना पक्ष प्रभावी रूप से रख सकें।

उन्होंने कहा कि यह भी व्यवस्था पूर्व से ही लागू है कि प्रश्नों में यथासंभव प्रदेश के किसी विशेष स्थान, विधानसभा क्षेत्र, तहसील अथवा सीमित क्षेत्र तक की जानकारी मांगी जाए, न कि पूरे जिले या सम्पूर्ण प्रदेश की। इसका उद्देश्य यह है कि अत्यधिक व्यापक सूचना के कारण उत्तर देने में होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से बचा जा सके।

श्री देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधानसभा के प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियमों के नियम 37 के अंतर्गत प्रश्नों की ग्राह्यता एवं शर्तों के आधार पर ही समय-समय पर बुलेटिन जारी किए जाते रहे हैं। वर्तमान में केवल प्रश्नों एवं पर्चियों के डिजिटलीकरण की सुविधा जोड़ी गई है। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार का कोई नया प्रावधान अथवा परिवर्तन नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित