सिडनी , जनवरी 29 -- सोफी मोलिनक्स को ऑस्ट्रेलिया की सभी फॉर्मेट की कप्तान के तौर पर एलिसा हीली का फुल-टाइम उत्तराधिकारी घोषित किया गया है और वह भारत के खिलाफ आने वाली मल्टी-फॉर्मेट घरेलू सीरीज के अंतरराष्ट्रीय टी-20 में पहली बार टीम की कप्तानी करेंगी। सभी प्रारुपों ताहलिया मैकग्रा उपकप्तान बनी रहेंगी। कप्तानी की एक और दावेदार एश्ले गार्डनर को मैकग्रा के साथ दूसरी उप-कप्तान बनाया गया है।
राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि मोलिनक्स कप्तान के तौर पर सही पसंद हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह हर मैच नहीं खेलेंगी क्योंकि चोट के इतिहास के कारण उनके वर्कलोड को मैनेज किया जाएगा।
फ्लेगलर ने कहा, "हम सोफी के वर्कलोड को मैनेज करना जारी रखेंगे, हाल के सीजन में चोट की चुनौतियों के बाद अहम टूर्नामेंट और बड़ी इंटरनेशनल सीरीज को प्राथमिकता देंगे। ताहलिया मैकग्रा उप कप्तान बनी रहेंगी, जो एलिसा हीली के अंडर उनके अहम लीडरशिप योगदान को दिखाता है। ताहलिया ने सभी फॉर्मेट में 16 बार स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर काम किया है, जिससे टीम में निरंतरता और स्थिरता आई है। एश्ले गार्डनर को ताहलिया के साथ उप कप्तान बनाया गया है, जिससे टीम का लीडरशिप ग्रुप मजबूत हुआ है। एश और ताहलिया सोफी को सपोर्ट करने के लिए एक-दूसरे के पूरक स्किल्स देती हैं और जरूरत पड़ने पर दोनों स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर टीम की अगुवाई करने में भी सक्षम हैं।"ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का कप्तान बनाये जाने पर मोलिनक्स ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बनना मेरे लिए सच में सम्मान की बात है और मुझे इस पर बहुत गर्व है, खासकर एलिसा के बाद, जिन्होंने इस टीम और खेल पर बहुत बड़ा असर डाला है।"उन्होंने कहा, "हमारे पास एक बहुत मजबूत ग्रुप है जिसमें कई नेचुरल लीडर हैं, साथ ही बहुत सारा रोमांचक टैलेंट भी सामने आ रहा है, और मैं उनके साथ काम करने के लिए बहुत उत्सुक हूं क्योंकि हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं और खुद को अगले लेवल पर ले जा रहे हैं, साथ ही उस पहचान को भी बनाए रख रहे हैं जो इस टीम को इतना खास बनाती है। मुझ पर जो भरोसा दिखाया गया है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं, और मैं खिलाड़ियों के इस ग्रुप के साथ आगे बढ़ने और यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि हम ताहलिया, ऐश और बाकी टीम के साथ मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं।"मोलिनक्स फरवरी के बीच में मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की शुरुआत में भारत के खिलाफ तीन टी-20 मैचों में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगी, जिसके बाद रिटायर हो रही हीली अपनी फेयरवेल वनडे सीरीज और मार्च की शुरुआत में डब्ल्यूएसीए ग्राउंड पर अपने आखिरी टेस्ट मैच में टीम की कप्तानी करेंगी।
मोलिनक्स इसके बाद कैरेबियन में ऑस्ट्रेलिया के मल्टी-फॉर्मेट टूर पर तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान संभालेंगी, जिसमें एक टेस्ट मैच भी शामिल है, और फिर जून में इंग्लैंड में होने वाले टी-20 विश्व कप में टीम की अगुवाई करने की तैयारी करेंगी।
ऑस्ट्रेलिया टी-20 टीम:- डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम।
ऑस्ट्रेलिया एकदिवसीय टीम:- डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, एलिसा हीली (कप्तान), अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम।
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम:- डार्सी ब्राउन, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, एलिसा हीली (कप्तान), अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित